सूरजपुर। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर केंद्र सरकार की पहल का समर्थन करते हुए कांग्रेस और इण्डी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए गंभीर और प्रभावी कदम उठा रही है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध
विधायक भूलन मरावी ने अपने जारी बयान में कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के मामलों में केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था, कठोर दंड और आवश्यक कानूनी प्रावधानों पर सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
संवाद और समाधान की नीति पर सरकार
उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किया जाना इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार संवाद और समाधान की नीति पर आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार, इसके विपरीत कांग्रेस और इण्डी गठबंधन इस पूरे मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर छात्रों की भावनाओं का लाभ उठाने का प्रयास कर रहे थे।
युवा सब समझता है
भूलन मरावी ने कहा कि देश का युवा जागरूक है और वह अच्छी तरह समझता है कि कौन उसके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रहा है और कौन केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी कठोर कदम उठाती रहेगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




