रायगढ़, 24 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया है।
शराब पीने के लिए मांगे थे रुपये, मना करने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बलराम यादव (50 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा नवापारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मई 2026 को वह पुराना शनि मंदिर के पास फल का ठेला लगाकर बैठा था। इसी दौरान उसका परिचित अफसर खान शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा। पहले मानवीय आधार पर ₹100 देने के बाद जब आरोपी ने दोबारा पैसे मांगे और इनकार किया गया, तो उसने फल काटने वाले चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत हुई गिरफ्तारी
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 255/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 119(1) एवं 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर, वार्ड क्रमांक-6, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
चाकू बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




