रायगढ़ साइबर पुलिस : इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार, APK फाइल से चुराए निजी फोटो-वीडियो

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाले साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर निजी फोटो और वीडियो हासिल किए, फिर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर ब्लैकमेल किया और ₹13 हजार रुपये ऐंठ लिए।

APK फाइल डाउनलोड करवाकर लिया मोबाइल का एक्सेस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़िता ने बताया कि करीब छह साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम अविनाश उर्फ राजा निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया था। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर युवती से निजी फोटो और वीडियो मंगवा लिए।

परिजनों को फोटो भेजने की धमकी देकर मांगे पैसे

आरोपी ने बाद में युवती को एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी। फाइल डाउनलोड करने और एक्सेस कोड साझा करने के बाद आरोपी ने मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी, फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट लिस्ट हासिल कर ली।

इसके बाद आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने और परिवार वालों को भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। डर के कारण युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में ₹3 हजार, ₹5 हजार और ₹5 हजार मिलाकर कुल ₹13 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद भी आरोपी लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

तकनीकी जांच से बिहार पहुंची पुलिस

मामले में साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 308(2), 351(3) बीएनएस एवं धारा 66(D) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आईपी एड्रेस और डिजिटल जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद विशेष टीम को बिहार भेजा गया, जहां मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

यूट्यूब से सीखी थी हैकिंग की तकनीक

पूछताछ में आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष), निवासी बर चौक, बेला, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से हैकिंग के तरीके सीखकर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी ने दी साइबर सुरक्षा की सलाह

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती, निजी फोटो-वीडियो साझा करना और संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करना गंभीर साइबर खतरा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर अपराधी द्वारा पैसे की मांग किए जाने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

रायगढ़ पुलिस की अपील

  • सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें।
  • किसी भी संदिग्ध APK फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें।
  • निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें।
  • ब्लैकमेल की स्थिति में पैसे न भेजें, तुरंत पुलिस को सूचना दें।
  • साइबर अपराध की शिकायत 1930 या cybercrime.gov.in पर दर्ज करें।
Advertisement
Share This Article