आगामी सावन माह, डाक कांवड़ यात्रा और नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर माधौगढ़ कोतवाली परिसर में व्यापार मंडल एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सीसीटीवी कैमरे लगाने व्यापारियों से अपील
बैठक को संबोधित करते हुए कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि नगर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि जिन दुकानों पर अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वे जल्द से जल्द कैमरे लगवाएं, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या या शिकायत के लिए व्यापारी सीधे पुलिस से संपर्क करें। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर मंथन
बैठक में आगामी हरौली से हरिद्वार तक निकलने वाली डाक कांवड़ यात्रा और ररूरेश्वर मंदिर में होने वाले जल विसर्जन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से सहयोग की अपील की, ताकि धार्मिक यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
सावन माह में व्यवस्थाओं को लेकर नगर पंचायत की पहल
नगर पंचायत अध्यक्ष राघवेन्द्र व्यास ने कहा कि सावन माह में धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बुंदेलखंड इंटर कॉलेज बाली गली क्षेत्र में मांस बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही नगर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का आश्वासन दिया।
प्रमुख स्थानों पर पुलिस निगरानी
बैठक में बताया गया कि नगर के प्रमुख चौराहों और सर्राफा बाजार में पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक में दीपक राजावत (बेनाम), अजीत बजाज, सभासद अरविंद सिंह सेंगर, अंकित कस्तवार, नगर पंचायत अध्यक्ष राघवेन्द्र व्यास और व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवम राजावत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




