Hero VIDA VX2 Plus 4.4 kWh : 187KM रेंज के साथ लॉन्च हुआ नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानिए कीमत और फीचर्स

Advertisement
Advertisement

90 किमी/घंटा की टॉप स्पीड, फास्ट चार्जिंग और स्मार्ट कनेक्टिविटी से लैस नया इलेक्ट्रिक स्कूटर

नई दिल्ली। देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर VIDA VX2 Plus 4.4 kWh वेरिएंट को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे लंबी दूरी तय करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। नए इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1.43 लाख रुपये रखी गई है। यह स्कूटर 187 किलोमीटर की IDC सर्टिफाइड रेंज, 90 किमी/घंटा की टॉप स्पीड और फास्ट चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ आता है।

187KM की रेंज और दमदार बैटरी

VIDA VX2 Plus 4.4 kWh में 2.2 kWh के दो रिमूवेबल बैटरी पैक दिए गए हैं, जिससे कुल 4.4 kWh की बैटरी क्षमता मिलती है। कंपनी के अनुसार, फुल चार्ज पर यह स्कूटर 187 किलोमीटर (IDC Certified Range) तक चल सकता है, जिससे यह रोजाना की यात्रा के साथ लंबी दूरी के सफर के लिए भी उपयुक्त है।

फास्ट चार्जिंग का मिलेगा विकल्प

स्कूटर के साथ 1 kW का पोर्टेबल चार्जर दिया जाएगा, जिसकी मदद से बैटरी को लगभग 3 घंटे 30 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा यह DC फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है, जिससे बैटरी सिर्फ 65 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है।

पावरफुल मोटर और स्मार्ट फीचर्स

VIDA VX2 Plus 4.4 kWh में 6 kW पीक पावर वाली इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 26 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसकी टॉप स्पीड 90 किमी/घंटा है।

स्कूटर में 4.3 इंच TFT डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, OTA (Over-the-Air) अपडेट, Eco, Ride और Sport राइडिंग मोड के साथ Boost फंक्शन भी दिया गया है, जो ओवरटेकिंग के दौरान अतिरिक्त एक्सेलरेशन प्रदान करता है।

बैटरी-ऐज-ए-सर्विस (BaaS) का भी विकल्प

हीरो मोटोकॉर्प के इलेक्ट्रिक ब्रांड VIDA ने इस स्कूटर के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) सुविधा भी उपलब्ध कराई है। कंपनी के अनुसार, देशभर में उसके 6,000 से अधिक फास्ट चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क मौजूद है, जिससे ग्राहकों को चार्जिंग की बेहतर सुविधा मिलेगी।

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में मजबूत पकड़

कंपनी के अनुसार, जून 2026 में VIDA ने 21,820 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बिक्री की, जिसके साथ ही वह देश के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में चौथे स्थान पर रही। पिछले वर्ष की तुलना में कंपनी की बिक्री में 175 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

Advertisement
Share This Article