फिल्मी अंदाज में वारदात, पांच बदमाशों ने रस्सी से बांधकर खींचा एटीएम
बालेश्वर (ओडिशा)। जिले के खैरा थाना क्षेत्र में देर रात फिल्मी अंदाज में एटीएम लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तुड़िगड़िया चौक स्थित एक एटीएम को पांच बदमाशों ने थार वाहन की मदद से उखाड़ लिया और कुछ दूर ले जाकर सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
थार से बांधकर उखाड़ी एटीएम मशीन
जानकारी के अनुसार बदमाश देर रात थार वाहन से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने एटीएम मशीन को रस्सी से वाहन के पिछले हिस्से में बांधा और तेज रफ्तार से खींचकर मशीन को उसके स्थान से उखाड़ लिया। इसके बाद एटीएम को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए।
सड़क पर फेंककर फरार हुए आरोपी
घटना के बाद बदमाश एटीएम मशीन को तुड़िगड़िया चौक के पास सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश एटीएम से नकदी निकालने में सफल हुए या नहीं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




