पत्रकार संघ का ऐलान— नगर निगम चिरमिरी के किसी भी कार्यक्रम का नहीं करेंगे मीडिया कवरेज
चिरमिरी । नगर पालिका निगम चिरमिरी में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह का स्थानीय पत्रकारों ने बहिष्कार कर दिया। चिरमिरी पत्रकार संघ के सदस्यों ने समारोह स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए निगम प्रशासन पर पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करने और उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
पत्रकारों ने जताई नाराजगी
पत्रकार संघ का कहना है कि नगर निगम प्रशासन लंबे समय से पत्रकारों के साथ उचित व्यवहार नहीं कर रहा है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया और समारोह का कवरेज नहीं किया।
नगर निगम के कार्यक्रमों के बहिष्कार का निर्णय
विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक नगर पालिका निगम चिरमिरी के किसी भी कार्यक्रम का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक अथवा अन्य किसी भी माध्यम से मीडिया कवरेज नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस पूरे मामले में नगर पालिका निगम चिरमिरी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पत्रकार संघ ने उम्मीद जताई है कि निगम प्रशासन जल्द संवाद स्थापित कर विवाद का समाधान करेगा।




