School Inspection Raigarh : डीईओ का मेगा निरीक्षण, 10 स्कूलों में जांच; लापरवाही पर नोटिस, कक्षा में मोबाइल पर रोक

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, तमनार और घरघोड़ा के विद्यालयों का औचक निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) श्यामानंद साहू एवं जिला मिशन समन्वयक आलोक स्वर्णकार ने रायगढ़, तमनार और घरघोड़ा विकासखंड के 10 शासकीय विद्यालयों का सघन एवं आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, स्वच्छता, अभिलेख संधारण और निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

बंगुरसिया स्कूल में मिलीं गंभीर कमियां

शासकीय माध्यमिक शाला बंगुरसिया में पाठ्यपुस्तक वितरण, डेली डायरी और शैक्षणिक अभिलेखों में गंभीर कमियां मिलने पर प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित सीएसी भूपेश पांडा भी अनुपस्थित मिले, जिस पर डीईओ ने नाराजगी जताते हुए जवाबदेही तय करने को कहा।

छात्र ने सुनाए 20 तक के पहाड़े

प्राथमिक शाला बंगुरसिया में डीईओ ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का परीक्षण किया। कक्षा तीसरी के छात्र विपुल गुप्ता ने 20 तक के पहाड़े धाराप्रवाह सुनाकर अधिकारियों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।

देवगढ़ में स्टाफ रूम में मिले शिक्षक

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवगढ़ में निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक कक्षा लेने के बजाय स्टाफ रूम में बैठे मिले। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि विद्यालय समय में प्रत्येक शिक्षक का स्थान कक्षा में होना चाहिए।

पीएम श्री विद्यालयों में स्वच्छता और अनुशासन पर जोर

पीएम श्री विद्यालय तमनार और घरघोड़ा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित कक्षा संचालन, स्वच्छ परिसर और अनुशासित वातावरण पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालयों में साउंड सिस्टम के माध्यम से नियमित प्रार्थना सभा आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।

डीईओ ने खुद पढ़ाया अंग्रेजी व्याकरण

शासकीय हाई स्कूल भालूमार में डीईओ श्यामानंद साहू ने स्वयं विद्यार्थियों को अंग्रेजी व्याकरण पढ़ाया और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता पर व्यक्तिगत ध्यान देने और बोर्ड परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए।

कक्षा में मोबाइल उपयोग पर सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कक्षा में अध्यापन के समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही ब्लूप्रिंट आधारित शिक्षण, प्रभावी स्कूल डेवलपमेंट प्लान और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Advertisement
Share This Article