रिटायर्ड जवानों और वीर नारियों के लिए वेबसाइट लॉन्च, संगठन ने कल्याण बोर्डों में पूर्व अर्धसैनिकों को शामिल करने की उठाई मांग
नई दिल्ली/गुरुग्राम। हरियाणा में अर्धसैनिक बलों के पूर्व जवानों की भागीदारी बढ़ाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। एलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला स्तर पर गठित अर्धसैनिक कल्याण बोर्डों में 50 प्रतिशत पूर्व अर्धसैनिकों को प्रतिनिधित्व देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पूर्व अर्धसैनिकों की भागीदारी के बिना उनका वास्तविक कल्याण संभव नहीं है।
रिटायर्ड जवानों के लिए वेबसाइट का शुभारंभ
गुरुग्राम के सेक्टर-44 स्थित एपरेल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरवीर सिंह ने रिटायर्ड जवानों और शहीदों के आश्रितों के लिए विशेष वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से पहुंचे पूर्व अर्धसैनिकों और वीर नारियों का सम्मान शॉल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया।
वेबसाइट से मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह ने बताया कि नई वेबसाइट के माध्यम से पूर्व अर्धसैनिक परिवार अपना पंजीकरण कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में दक्षिण हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पूर्व अर्धसैनिक और वीर नारियां शामिल हुईं। सोनीपत जिला अध्यक्ष कलीराम के नेतृत्व में 20 से अधिक सेवानिवृत्त जवानों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
10 साल बाद भी बोर्डों में नहीं मिला प्रतिनिधित्व
एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व एडीजी सीआरपीएफ एच.आर. सिंह ने कहा कि अर्धसैनिक कल्याण बोर्डों के गठन को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी जिला स्तर के बोर्डों में पूर्व अर्धसैनिकों की भागीदारी नगण्य है। उन्होंने कहा कि पूर्व अर्धसैनिकों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिए बिना कल्याण बोर्डों का उद्देश्य अधूरा रहेगा।
11 वर्षों के संघर्ष का परिणाम बताया
महासचिव रणबीर सिंह ने कहा कि रिटायर्ड जवानों के लिए वेबसाइट का शुभारंभ पिछले 11 वर्षों से चल रहे शांतिपूर्ण संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पूर्व अर्धसैनिकों के हित में और भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे तथा जिला कल्याण बोर्डों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।







