Raigarh News : होटल जांच अभियान में पुलिस से अभद्रता भारी पड़ी, होटल व्हाइट रोज के संचालक को गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था तथा अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए रायगढ़ पुलिस का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 10 जुलाई की शाम थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के होटल व्हाइट रोज में औचक जांच की।

सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां

जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं। पुलिस ने होटल संचालक सूरज सिंह (28), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी।

पुलिस से अभद्रता के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार समझाइश के दौरान होटल संचालक ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और चेतावनी के बावजूद उसका आक्रामक रवैया जारी रहा। इसके बाद उसे कोतवाली थाना लाकर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां भी उसका व्यवहार नहीं बदला।

शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। साथ ही धारा 126 एवं 135(3) BNSS के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया।

जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों के पालन, आगंतुकों के सत्यापन और अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, “होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। जांच के दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Advertisement
Share This Article