रायगढ़। सक्रिय मानसून को देखते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन ने बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सभी विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर राहत-बचाव, स्वास्थ्य, बिजली, जलभराव और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
17 बाढ़ प्रभावित गांवों पर विशेष निगरानी
बैठक में हीराकुंड बांध से प्रभावित 17 गांवों की विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। जलस्तर की लगातार निगरानी, समय पर सूचना प्रसारित करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया।
शहर के 48 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों में मानसून के दौरान त्वरित कार्रवाई के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, नालों की सफाई, पंपों की उपलब्धता और आपातकालीन टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 17, 19 और 20 में डेंगू रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आकाशीय बिजली और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
राहत शिविर और संसाधनों की समीक्षा
बैठक में नाव, मोटरबोट, लाइफ जैकेट, रस्सी और राहत सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की गई। संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों के लिए भवन पहले से चिन्हित करने और सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
24 घंटे चालू रहेगी बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन
जिला प्रशासन ने बताया कि बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 07762-223750 चौबीसों घंटे संचालित रहेगी।
एसएसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, त्वरित पुलिस सहायता और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
गंधरी पुलिया पर आवागमन बंद
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रायगढ़ के रेलवे अंडरब्रिज (गंधरी पुलिया) पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।





