ऑपरेशन प्रहार : रायगढ़ पुलिस ने 28.48 लाख की अवैध कबाड़ खेप पकड़ी, दो वाहनों समेत 6.5 टन स्क्रैप जब्त

Advertisement
Advertisement

लैलूंगा और छाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना लैलूंगा और छाल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन सहित कुल 28.48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

लैलूंगा में 14 चक्का ट्रक से 4.5 टन कबाड़ बरामद

थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का स्क्रैप पत्थलगांव से घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने खम्हार मोड़ के पास नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक CG-14 MF-0223 को रोककर जांच की।

चालक महेन्द्र लहरे (36 वर्ष) निवासी गोढ़ीकला, जिला जशपुर, कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.08 लाख रुपये और ट्रक की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने कुल 16.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

छाल पुलिस ने दूसरे दिन भी की कार्रवाई

इसी दिन थाना छाल पुलिस ने ग्राम बोजिया के पास माजदा वाहन क्रमांक CG-12 AZ-3191 को रोककर जांच की। वाहन चालक भूपेन्द्र यादव (36 वर्ष) निवासी ढोढ़ीपारा, कोरबा, कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

वाहन से करीब 2 टन लोहे का कबाड़, जिसमें लोहे की छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स शामिल थे, बरामद किए गए। पुलिस ने 40 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ और 12 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन जब्त कर कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की।

कबाड़ नेटवर्क की भी होगी जांच

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जब्त कबाड़ के स्रोत, स्वामित्व और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और संगठित अपराधों की बड़ी कड़ी है। बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article