CENTCOM का दावा- एयर डिफेंस, मिसाइल और नौसैनिक ठिकानों पर हमला, ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी
वॉशिंगटन/तेहरान। US-Iran Conflict एक बार फिर तेज हो गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि बुधवार रात ईरान के करीब 90 सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई। हमलों में एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज साइट, निगरानी केंद्र, नौसैनिक ठिकाने तथा सैन्य लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार इन हमलों का उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले की ईरानी क्षमता को कमजोर करना है।
ईरान ने तीन मौतों की पुष्टि की
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, खुजेस्तान प्रांत के अहवाज शहर के बाहरी इलाके में हुए हमले में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है।
ट्रम्प बोले- मैं ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें हर समय खतरा रहता है और उनका मानना है कि वे ईरान की “हिटलिस्ट” में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्हें भरोसा नहीं है कि तेहरान किसी भी समझौते का पालन करेगा।
ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे पहले ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा भी किया था। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव से पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
लगातार बढ़ते सैन्य तनाव का असर वैश्विक समुद्री व्यापार पर भी दिखाई देने लगा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा जोखिम बढ़ने के कारण कई जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक भारतीय ध्वज वाले तेल टैंकर ने भी सुरक्षा कारणों से अपना मार्ग बदल लिया।


