वन्यजीव हादसा : रायगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से 4 लंगूरों की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के कलमी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से चार लंगूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन लंगूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे लंगूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लंगूरों का एक झुंड कलमी रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था। इसी दौरान ट्रेन आने पर झुंड ट्रैक पार करने लगा, तभी चार लंगूर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि तीन लंगूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लंगूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

रेस्क्यू टीम ने घायल लंगूर को पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय युवकों ने सर्परक्षक-एनिमल रेस्क्यू समिति को सूचना दी। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य विक्की चौहान और सुमित बेहरा मौके पर पहुंचे। घायल लंगूर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने वन विभाग को जानकारी दी।

इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल लंगूर को इलाज के लिए इंदिरा विहार ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई।

वन विभाग ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सभी लंगूरों को गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक जांच में ट्रेन से टकराने की पुष्टि हुई है। वन विभाग द्वारा पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि लंगूर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-2 श्रेणी में संरक्षित वन्यजीव हैं। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article