तहसील समाधान दिवस : 28 शिकायतें पहुंचीं, 4 का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश

Advertisement
Advertisement

कालपी। तहसील सभाकक्ष में सोमवार को उपजिलाधिकारी अमित शेखर की अध्यक्षता एवं क्षेत्राधिकारी राजेश कमल की मौजूदगी में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक 7 शिकायतें राजस्व विभाग और 5 शिकायतें पुलिस विभाग से संबंधित रहीं।

जमीन विवाद, मारपीट और चोरी सहित कई मामले उठे

समाधान दिवस में शिक्षक अर्जुन मौर्य ने 26 जून को उनकी पत्नी के गले से चेन लूटे जाने की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। वहीं राघव राम ने मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग की।

अजय सिंह ने उरकुरा खुर्द स्थित अपने पिता की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। आकांक्षा देवी ने पैमाइश के बाद लगाए गए सीमांकन खंभों को हटाकर खेत की जुताई किए जाने का आरोप लगाया। गयावती ने भूमि अभिलेखों में अपने हिस्से का सही दर्ज कराने की मांग की।

इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य अतर सिंह पाल ने नमामि गंगे योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी एवं बोरवेल से जुड़े खराब पड़े नलों की मरम्मत कराने की मांग उठाई।

एसडीएम ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के विभागवार निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की नई गाइडलाइन के अनुरूप सभी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जांच रिपोर्ट में समय, तिथि और तथ्यों का स्पष्ट उल्लेख करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

समाधान दिवस में तहसीलदार अभिनव तिवारी, नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, सुरेश कुमार, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता प्रवीण कुमार मौर्य, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान, जल संस्थान के अवर अभियंता वासित अली, वन विभाग के अधिकारी, पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article