बस्तर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्राम नकटी में 85 मकानों को तोड़े जाने के विरोध में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन, पुलिस से झूमाझटकी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी रही। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री की तस्वीर जलाने की भी जानकारी सामने आई है।
85 परिवारों को बेघर करने का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि ग्राम नकटी में वर्षाकाल के बीच 85 परिवारों को बेघर किया गया, जो पूरी तरह अमानवीय है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के घर तोड़कर उन्हें उजाड़ना निंदनीय है।
कांग्रेस का आरोप है कि विधायक निवास निर्माण के लिए गरीबों को हटाया जा रहा है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
पुनर्वास और मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल पुनर्वास और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीसीसी के निर्देश पर यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और व्यापक किया जाएगा।



