शाला प्रवेश उत्सव, न्योता भोज और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के साथ नए सत्र का शुभारंभ

Advertisement
Advertisement

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकारीपारा, विकासखंड पेंड्रा में शाला प्रवेश उत्सव, न्योता भोज और “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक और जनप्रतिनिधि वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अतिथियों की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीरज जैन ने की। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा रिबन काटकर प्रवेश उत्सव का उद्घाटन किया गया। इसके बाद मां सरस्वती पूजन एवं वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

विद्यालय की प्राचार्य एवं स्टाफ द्वारा अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 9 की छात्रा भारती ने छत्तीसगढ़ी प्रेरणा गीत के माध्यम से छोटे विद्यार्थियों को स्कूल आने के लिए प्रेरित किया।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विशेष स्वागत

कार्यक्रम में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का टीका लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए। साथ ही सत्र 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित

मुख्य अतिथि उपेंद्र बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यालय के जीर्णोद्धार व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की।

अध्यक्षीय संबोधन में नीरज जैन ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का संदेश

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण का संदेश दिया और विद्यालय की मरम्मत के लिए वित्तीय सहयोग की घोषणा की।
वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी आर.एन. चंद्रा ने विद्यालय की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता साबिर अंसारी ने किया। इस अवसर पर संकुल के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी पुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए।

विद्यालय के व्याख्याताओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की रसोइयों, पालकों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Advertisement
Share This Article