सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 क्रेशरों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सारंगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत गुड़ेली, टिमरलगा तथा बरमकेला क्षेत्र के ग्राम सहजबहाल में की गई।
इन क्रेशरों पर हुई कार्रवाई
खनिज विभाग द्वारा जिन क्रेशरों को सील किया गया है उनमें मां शारदा मिनरल्स, बाबा मिनरल्स, सिंघल क्रेशर, मंगल क्रेशर उद्योग, राजेश बेरीवाल, गणपति ग्रामोद्योग, मां अम्बे स्टोन क्रेशर और श्री श्याम मिनरल्स शामिल हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर दो दिन चला अभियान
यह कार्रवाई कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर तथा खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। खनिज निरीक्षक विवेक चंद्राकर की टीम ने दो दिनों तक लगातार जांच अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार लंबे समय से इन क्रेशरों के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने टीम गठित कर यह सख्त कदम उठाया।
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। कई स्थानों पर क्रेशर संचालन स्वतः बंद होने की भी सूचना है।
पर्यावरण और राजस्व दोनों को लाभ
खनिज विभाग की इस सख्ती से जहां एक ओर राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
प्रशासन का कहना है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


