ओम हाइट्स के सूने मकान में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। ओम हाइट्स अपार्टमेंट में एक सूने मकान में चोरी की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घरेलू सहायिका ने देखी खुली आलमारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान नंबर 301 रेशम उद्योग विभाग से सेवानिवृत्त राकेश श्रीवास्तव का है, जो पिछले वर्ष अक्टूबर से अपनी पत्नी के साथ इलाज के लिए मुंबई में रह रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में मकान की एक चाबी घरेलू सहायिका चंद्रकांति देवांगन के पास थी, जो समय-समय पर साफ-सफाई के लिए घर आती थीं।

शनिवार सुबह जब सहायिका घर पहुंची तो उसने देखा कि आलमारी खुली हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश जारी है।

मकान मालिक के आने के बाद होगा नुकसान का खुलासा

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घर से कितनी नकदी, जेवरात या अन्य सामान चोरी हुआ है। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के रायगढ़ लौटने के बाद ही चोरी गई संपत्ति का पूरा विवरण सामने आएगा

अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

घरेलू सहायिका की रिपोर्ट पर चक्रधरनगर थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ नकबजनी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Advertisement
Share This Article