रामगढ़ महोत्सव में पहली बार शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 29-30 जून को दो दिवसीय आयोजन

Advertisement
Advertisement

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले रामगढ़ में 29 और 30 जून को रामगढ़ महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बार का महोत्सव खास रहेगा क्योंकि पहली बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसमें शामिल होकर शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर विशाल वॉटरप्रूफ टेंट-पंडाल तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था भी बनाई गई है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर झिरमिटी स्टेडियम में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरेगा।

रामगढ़ का धार्मिक महत्व

मान्यता है कि वनवास काल में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने रामगढ़ के जंगलों में छह माह से अधिक समय बिताया था। इसी दौरान उन्होंने सीता बेंगरा गुफा में रात्रि विश्राम किया था। यही वजह है कि यह स्थल धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है।

साहित्यिक विरासत भी है खास

रामगढ़ का साहित्यिक महत्व भी बेहद खास है। मान्यता है कि कालिदास ने जोगीमारा गुफा में बैठकर अपने प्रसिद्ध महाकाव्य मेघदूतम् की रचना की थी। इस ऐतिहासिक विरासत को सहेजने के लिए दो दशक से अधिक समय से रामगढ़ महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी धूम

दो दिवसीय महोत्सव में लोककला प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरातात्विक धरोहर आधारित आयोजन और पर्यटन को बढ़ावा देने वाली कई गतिविधियां होंगी। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से क्षेत्र में खास उत्साह देखा जा रहा है।

नगर पंचायत की मांग पर टिकी निगाहें

उदयपुर क्षेत्र के लोगों को मुख्यमंत्री के दौरे से बड़ी उम्मीदें हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आईटीआई, महाविद्यालय, एसडीएम कार्यालय और थाना होने के बावजूद आज तक उदयपुर को नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिल सका। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इस लंबे समय से लंबित मांग पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Advertisement
Share This Article