PM आवास में फर्जी हाजिरी से मजदूरी गबन का आरोप, रोजगार सहायक पर उठी उंगली

Advertisement
Advertisement

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । ग्राम पंचायत कोटखर्रा में प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप लगा है। हितग्राहियों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर रोजगार सहायक पर फर्जी मस्टर रोल भरकर मजदूरी की राशि हड़पने का आरोप लगाया है।

समस्त हितग्राहियों की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत कोटखर्रा के रोजगार सहायक द्वारा PM आवास में मजदूरी भुगतान के तहत प्रत्येक आवास से एक से तीन सप्ताह की मजदूरी राशि ली जा रही है।

आरोप है कि इसकी जानकारी आवास हितग्राहियों को नहीं है। जब कुछ हितग्राहियों ने अपनी मजदूरी की जानकारी के लिए मस्टर रोल निकलवाया तो पता चला कि उनके नाम पर फर्जी हाजिरी भरकर भुगतान लिया जा रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि यह राशि रोजगार सहायक के सहपाठी के खाते में डलवाई जा रही है।

शिकायत के अनुसार इस तरह करीब 50 से 60 हितग्राहियों का फर्जी मस्टर रोल बनाकर गबन किया गया है। आवेदन में कुछ हितग्राहियों के नाम भी उल्लेखित हैं।

हितग्राहियों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मस्टर रोल और बैंक खातों की जांच से पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ जाएगा।

ग्रामीणों ने दोषियों पर FIR दर्ज कर हितग्राहियों का पैसा वापस दिलाने की मांग की है।

Advertisement
Share This Article