सूरजपुर के बतरा डैम में नाव पलटी, मछली पकड़ने गए 3 ग्रामीण लापता, परिजनों में मचा कोहराम

Advertisement
Advertisement

सूरजपुर। जिले के करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बतरा डैम में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। चोरी-छिपे मछली पकड़ने पहुंचे 9 ग्रामीणों की नाव अचानक पलट गई। हादसे में 6 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि 3 ग्रामीण डैम में लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रतिबंध के बावजूद रात में मछली पकड़ने पहुंचे थे 9 ग्रामीण

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम राईं निवासी समयलाल उर्फ पांडे, जगलाल समेत 9 लोग सोमवार रात करीब 12 बजे बतरा डैम में मछली पकड़ने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि डैम में रात के समय मछली पकड़ना प्रतिबंधित है और लीज अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद सभी ग्रामीण चोरी-छिपे नाव लेकर डैम के बीच जाल बिछाने पहुंचे।

इसी दौरान अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई और सभी लोग गहरे पानी में जा गिरे।

6 लोग तैरकर निकले, 3 का अब तक सुराग नहीं

नाव पलटने के बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 6 ग्रामीण किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं समयलाल उर्फ पांडे, जगपाल और एक अन्य ग्रामीण डैम में डूब गए। खबर लिखे जाने तक तीनों का कोई पता नहीं चल सका था।

रात में बचकर निकले ग्रामीणों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम के पास पहुंच गए।

सुबह पहुंची DDRF और पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही करंजी चौकी पुलिस सुबह मौके पर पहुंची। इसके बाद DDRF टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अमला डैम किनारे मौजूद है और तलाशी अभियान की तैयारी की जा रही है।

हालांकि खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका था, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।

रेस्क्यू में देरी से परिजनों में आक्रोश

सुबह तक लापता ग्रामीणों का पता नहीं चलने और रेस्क्यू शुरू नहीं होने से परिजनों में भारी नाराजगी देखी गई। मौके पर मौजूद परिवारजन बिलखते नजर आए। रोते-बिलखते परिजनों ने जल्द तलाश अभियान शुरू करने की मांग की।

प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ना बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डैम में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध था। इसके बावजूद ग्रामीणों का देर रात नाव लेकर पानी के बीच जाना इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई और रेस्क्यू ऑपरेशन पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Advertisement
Share This Article