माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) माधौगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव बिरिया निवासी कल्लन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि वह अपनी बीमार मां को लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा था, लेकिन इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने उपचार करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़ित युवक का कहना है कि उसकी मां की हालत खराब थी और वह उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचा था, लेकिन वहां उसे निराशा हाथ लगी। युवक ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
सोमवार शाम करीब 7:50 बजे युवक ने मीडिया को जानकारी देते हुए डॉक्टर अरविंदर पर उपचार न करने का आरोप लगाया। मामले के सामने आने के बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष राजपूत की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल में इमरजेंसी मरीजों को भी समय पर इलाज नहीं मिलेगा तो सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर होगा।
हालांकि, लगाए गए आरोपों को लेकर अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




