चक्रधरपुर। प्रखंड के विभिन्न गांवों में मासान्त पर्व के अवसर पर छऊ नृत्य कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के महुलबोराई, सिमिदिरी, घाघराघाट और चंद्री गांव में आयोजित इन कार्यक्रमों में उपर टोला और नीचे टोला के छऊ कलाकारों ने भाग लिया। कलाकारों ने राधा-कृष्ण लीला, गणेश वंदना, आरती, वनदेवी एवं महिरूआसुर वध जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
छऊ हमारी सांस्कृतिक धरोहर—सन्नी उरांव
कार्यक्रम में चक्रधरपुर के नगर अध्यक्ष सन्नी उरांव और विधायक सुखराम उरांव भी शामिल हुए। इस दौरान सन्नी उरांव ने कहा कि छऊ नृत्य इस क्षेत्र की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर और आदिवासी पहचान है।
उन्होंने कहा कि छऊ केवल एक कला नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों की विरासत है, जिसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कलाकारों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कलाकारों का हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम स्थलों पर कलाकारों और अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। सभी छऊ कमेटियों के प्रति विधायक और नगर अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम, मुखिया सोमनाथ कोया, झामुमो प्रखंड सचिव ताराकांत सिजुई, प्रदीप महतो, टिंकू प्रधान, लाल बाबू दास सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, आयोजन समिति सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।




