सूरजपुर। युवा साथी फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा पंडो नगर में ‘आहार एवं पोषण अभियान’ के तहत निःशुल्क सेवा एवं सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने भाग लिया। फाउंडेशन की इस पहल से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इनमें पेंसिल, रबर, कटर, पानी की बोतल, साबुन, तेल, टूथपेस्ट सहित अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं।
सामग्री प्राप्त कर बच्चों ने उत्साह व्यक्त किया और उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वितरित की गई शैक्षणिक सामग्री का सहयोग न्यू बुक डिपो के संचालक नरेश केजरीवाल द्वारा किया गया, जबकि दैनिक उपयोग की सामग्री डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने युवा साथी फाउंडेशन की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए संस्था एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


