पुलिस की बड़ी सफलता, लंबे समय से चल रहा मामला सुलझा
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड और लूट के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है।
यह पूरा मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस का है।
2-3 जून की रात हुई थी दर्दनाक वारदात
जानकारी के अनुसार, 2-3 जून की दरमियानी रात सेंदुरस गांव में अपने घर के बरामदे में सो रहे पति-पत्नी पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे की अज्ञात बदमाशों ने सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिला था। इस मामले में थाना मालखरौदा में अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत केस दर्ज किया गया था।
साइबर सर्विलांस से खुली आरोपियों की लोकेशन
पुलिस जांच के दौरान मृतक का मोबाइल फोन साइबर सर्विलांस पर लगाया गया। कॉल डिटेल और टावर डंप विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा इलाके में मिली।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवकुमार यादव को हिरासत में लिया, जिसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की बात स्वीकार की।
रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश
आरोपियों ने बताया कि वारदात से कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर उनका मृतक से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते हत्या की योजना बनाई गई।
रात में आरोपियों ने स्केल पट्टी से दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया और सो रहे दंपती पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद उन्होंने सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
लूट का माल खरीदने वाला व्यापारी भी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच में आगे बढ़ते हुए जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने लूट के सोने के आभूषण खरीदे थे।
पुलिस ने आरोपियों से:
- हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड
- खून से सने कपड़े
- 74 हजार रुपये नकद
- सोने के आभूषण (लगभग 9 ग्राम)
- 5 ग्राम गला हुआ सोना
- मोटरसाइकिल
बरामद किए हैं।
2024 के पुराने दोहरे हत्याकांड का भी खुलासा
जांच के दौरान आरोपियों ने जून 2024 के मुक्ता गांव दोहरे हत्याकांड में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। उस मामले में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर आभूषण लूटे गए थे।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता, इनाम की घोषणा
सक्ती पुलिस ने दोनों मामलों का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
इस सफलता पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने जांच टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।


