जिला न्यायाधीश सिराजुद्दीन कुरैशी के मार्गदर्शन में रोपे गए आम, जामुन, अर्जुन के पौधे
पेण्ड्रारोड/जीपीएम, 5 जून। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर सिराजुद्दीन कुरैशी के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय पेण्ड्रारोड परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महेश बाबू साहू एवं अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अतुल तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

न्यायालयीन परिसर में आम, अमरूद, जामुन, अर्जुन, गुलमोहर एवं अन्य फलदार व छायादार वृक्षों का रोपण न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ एवं न्यायालयीन कर्मचारियों द्वारा किया गया।
वृक्षारोपण के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता गुलाब अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए अधिवक्ता संघ को पृथक से सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पूर्ण समर्पण के साथ वृक्षारोपण कर भविष्य के लिए पर्यावरण को संरक्षित करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने यहां होने वाले हर समारोह में एक वृक्ष लगाकर उसे यादगार बनाएं, जिससे पर्यावरण संरक्षित हो सके।
कार्यक्रम में समस्त अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित थे।




