Bilaspur Development Projects: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर को दी 134 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत बिलासपुर के हेमूनगर में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले को 134 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिनमें सड़क, स्वास्थ्य और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

18.59 करोड़ के सात कार्यों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 18 करोड़ 59 लाख रुपये से अधिक लागत वाले सात विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित कई सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।

लोकार्पित कार्यों में कडरी-सलखा मार्ग, पाली-सिलतरा मार्ग, साजापाली कोटा में हाई स्कूल भवन, नवापारा-कपसियाखुर्द मार्ग, टाडा से गढ़िया बस्ती मार्ग तथा मेडपार बाजार मुख्य मार्ग से मनियारी पुल तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा जिला चिकित्सालय में लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का भी लोकार्पण किया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

115.46 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 115 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक लागत वाले 17 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुल निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में परसाही-धनपुर मार्ग, सेंदरी बस स्टैंड-रमतला मार्ग, खैरा डगनिया स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंच मार्ग, पुडू-बंगलाभाठा मार्ग, खरगहना-सृजनपारा मार्ग तथा कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण शामिल हैं।

इसके अलावा कोटा-बेलगहना मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, लोखंडी ब्रिज से जोंकी मोड़ तक सड़क उन्नयन, खोंगसरा-पीपरखुंटी मार्ग में उच्चस्तरीय पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी शामिल हैं।

वृद्धाश्रम और दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का भी होगा निर्माण

सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने 22 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बहुउद्देशीय वृद्धाश्रम भवन तथा 18 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से दिव्यांग शिक्षण-प्रशिक्षण एवं बहुउद्देशीय पुनर्वास केंद्र भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।

विकास कार्यों से जिले को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना है। सड़क, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े इन कार्यों से बिलासपुर जिले के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

 

Advertisement
Share This Article