CM Vishnu Deo Sai Visit: भीखमपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीएम आवास का किया लोकार्पण, जन चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

Advertisement
Advertisement

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के सरिया क्षेत्र स्थित भीखमपुरा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बाजा-गाजा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान महादेव नगर सपेरा बस्ती में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण किया तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

प्रधानमंत्री आवासों का किया लोकार्पण, गुणवत्ता का भी लिया जायजा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भीखमपुरा स्थित महादेव नगर सपेरा बस्ती में हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास समर्पित किए। उन्होंने आवासों की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली और हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के लाभ के बारे में पूछा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

जन चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने जन चौपाल में शामिल होकर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के लाभ के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि उन्हें योजना की राशि नियमित रूप से प्राप्त हो रही है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने किसानों से खाद की उपलब्धता और कृषि संबंधी अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

Advertisement
Share This Article