रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में ट्रक और ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जो आमाघाट रोड पर गुजरने वाले भारी वाहनों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रुकवाते थे और फिर चालक-परिचालकों से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पत्थर मारकर रोका ट्रक, चालक को घायल कर मोबाइल लूटा
पुलिस के अनुसार झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला रोहित कुमार पासवान रायगढ़ में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत है। 2 जून की देर रात वह अपने ट्रक से आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके वाहन पर अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक के सिर में चोट आई। जब चालक वाहन रोककर अपनी चोट देखने लगा, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने तमनार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों से मिली सूचना, पुलिस ने बिछाया जाल
मामले की जांच के दौरान पुलिस को ग्रामीणों से जानकारी मिली कि देलारी गांव का एक युवक अपने साथियों के साथ मिलकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के बाकी सदस्यों को भी पकड़ लिया।
छह मोबाइल बरामद, पहचान परेड में हुई पुष्टि
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें पीड़ित चालक का लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। वहीं घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान परेड कराई गई, जिसमें पीड़ित चालक ने सभी आरोपियों की पहचान की। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि वारदात को पांच लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था।


