रायपुर : छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे आज आएंगे. पंचायत और निकायों में आम और उप निर्वाचन शांतिपूर्ण तरीके से 1 जून को संपन्न हुआ था. राज्य के नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 05 पद और पार्षद के 71 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 96 मतदान केन्द्रों में कुल 31 हजार 928 मतदाताओं में से 27 हजार 6 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है.
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के भी आएंगे नतीजे
वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत में जनपद सदस्य के 10, सरपंच के 34 और वार्ड पंच के 107 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 274 मतदान केंद्रों में कुल 1लाख 2 हजार 797 मतदाताओं में से 79 हजार 968 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. आपको बता दें कि नगरीय निकायों में मतदान के लिए अंतिम समय 5 बजे तक और त्रिस्तरीय पंचायतों में मतदान दोपहर 3 बजे तक निर्धारित था.

नगरपालिका उप निर्वाचन की तस्वीर
कितना रहा मतदान का प्रतिशत ?
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक नगरीय निकाय में 84.58 प्रतिशत और त्रि-स्तरीय पंचायत में 78.61 प्रतिशत मतदान हुआ है. नगरीय निकायों के निर्वाचन ईवीएम के माध्यम से कराए गए हैं. मॉकपोल के दौरान नगर पंचायत बम्हनीडीह में एक ईव्हीएम बदला गया है. मतदान के दौरान इस्तेमाल किए गए ईव्हीएम को स्ट्रांग रूम में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ रखा गया है.

त्रिस्तरीय पंचायत में निर्वाचन
किसी भी क्षेत्र में मतदान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने की कोई सूचना प्राप्त नही हुई है, मतदान शांतिपूर्वक एवं सौहाद्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न होने पर आयोग द्वारा सभी अधिकारी,कर्मचारियों, पुलिस, राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त है- अजय सिंह, आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग
अजय सिंह ने बताया कि नगरीय निकायों के मतों की गणना 13 मतगणना स्थलों पर होगी.इसके लिए 395 अधिकारियों, कर्मचारियों कि ड्यूटी लगाई गई है. त्रिस्तरीय पंचायतों के मतदान, मतपेटी के माध्यम से कराए गए हैं. त्रि-स्तरीय पंचायतों में मतदान के बाद सामान्य स्थिति में मतगणना भी मौके पर संपन्न हुआ, जिनके सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा आज ही होगी.



