जशपुर जिले को मिले 13 नए प्रशिक्षु उप निरीक्षक, विभिन्न थानों में शुरू होगा व्यवहारिक प्रशिक्षण

By
Advertisement
Advertisement

मैदानी पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे प्रशिक्षु अधिकारी, एसएसपी ने जारी किए पदस्थापना आदेश

जशपुर जिले को पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा 13 नए प्रशिक्षु उप निरीक्षक (SI) आवंटित किए गए हैं। इन अधिकारियों को मैदानी एवं जिला स्तरीय व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। इस संबंध में डॉ. लाल उमेद सिंह ने आदेश जारी कर प्रशिक्षण की रूपरेखा तय की है।

कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध विवेचना तक का मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षु उप निरीक्षक अपने प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहकर पुलिस कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं का अध्ययन करेंगे। उन्हें कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध विवेचना, जनसंपर्क, पुलिस प्रशासन और फील्ड पुलिसिंग से जुड़े कार्यों का अनुभव कराया जाएगा।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षुओं को बीट आरक्षक, संत्री ड्यूटी, रात्रिकालीन गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मुलजिम पेशी, मालमुंशी, कोर्ट मुहर्रिर और मोहरीर जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विभिन्न थानों में की गई तैनाती

जारी आदेश के अनुसार संतोष कुमार चौरसिया को तपकरा, राजकुमार को कांसाबेल, नीलमणी निषाद एवं देविका लक्ष्मी मरकाम को कुनकुरी, जय प्रकाश को पत्थलगांव, संतोष कुमार वर्मा को नारायणपुर, शेखर सिंह राजपूत को लोदाम, जितेंद्र साहू एवं विम्बलेश्वरी मरकाम को जशपुर, शेषनारायण दीवान एवं माधुरी वर्मा को बगीचा तथा मोहन लाल मरकाम को बागबहार थाना में प्रशिक्षण हेतु पदस्थ किया गया है।

बेहतर और संवेदनशील पुलिस अधिकारी तैयार करने पर जोर

डॉ. लाल उमेद सिंह ने संबंधित थाना प्रभारियों को प्रशिक्षु अधिकारियों को समुचित मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्रशिक्षुओं के लिए मासिक अटैचमेंट रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

एसएसपी ने कहा कि यह व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रशिक्षु अधिकारियों की पेशेवर दक्षता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील, सक्षम और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी बनने में सहायता प्रदान करेगा।

Advertisement
Share This Article