रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा का पांचवां दिन भी भीषण गर्मी के साथ जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज प्रदेश में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दिनभर गर्म हवाओं और लू जैसे हालात बने रह सकते हैं।
बेमेतरा में सबसे ज्यादा गर्मी की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार आज बेमेतरा जिले में तापमान सबसे अधिक रहने का अनुमान है। यहां पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी से आम जनजीवन पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में 43.7 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रायपुर में भी गर्मी का प्रकोप तेज रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद भी जताई है। शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।


