शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और 2 लाख रुपये हड़पने का आरोप, गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को रांची से किया गिरफ्तार

Advertisement

सरगुजा | शादीशुदा होने की जानकारी छुपाकर पीड़िता के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थानों में दर्ज प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी और धरपकड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

प्रकरण के अनुसार पीड़िता ने विगत माह सितम्बर 2025 में थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अजय कुमार कंवर निवासी पुछेली बम्हनीडीह, जांजगीर-चांपा ने अपने शादीशुदा होने और एक बच्चे का पिता होने की जानकारी छुपाई थी।

किराये के मकान में रहकर शादी का झांसा देता रहा, गर्भवती होने पर किया शादी से इंकार

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी माह नवम्बर 2024 से सितम्बर 2025 के बीच पीड़िता के किराये के मकान में रहकर उसे शादी का भरोसा देता रहा और इसी दौरान उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने नौकरी से सस्पेंड होने की बात कहकर एटीएम के माध्यम से उसकी जमा पूंजी के 2 लाख रुपये भी निकाल लिए। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

आठ महीने तक आरोपी की तलाश जारी रही, साइबर सेल की मदद से रांची में मिली लोकेशन

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए। पीड़िता की सहमति से मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। लंबे समय तक आरोपी की कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद साइबर सेल की सहायता से तकनीकी विश्लेषण किया गया। करीब आठ महीने के प्रयास के बाद आरोपी की लोकेशन रांची (झारखंड) में मिली।

रांची से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

जानकारी मिलने के बाद थाना गांधीनगर पुलिस टीम तत्काल रांची रवाना हुई और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। इसके बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तारी कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी/निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सउनि धनंजय पाठक, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह, अमृत सिंह, अतुल सिंह और रमेश प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article