तातापानी सहकारी समिति पहुंचीं कलेक्टर, खाद-बीज व्यवस्था की जांच कर किसानों से किया सीधा संवाद

By
Advertisement
Advertisement

बलरामपुर | 27 मई 2026

खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का कलेक्टर ने लिया जायजा

खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने और कृषि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत तातापानी सहकारी समिति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति में उपलब्ध खाद और बीज के भंडारण तथा वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया।

भंडारण व्यवस्था और पारदर्शी वितरण को लेकर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति में खाद-बीज के भंडार और किसानों को किए जा रहे वितरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भंडारण व्यवस्था व्यवस्थित रखने और वितरण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को खाद और बीज प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के सही उपयोग को लेकर किसानों को जागरूक करने पर जोर

कलेक्टर ने अधिकारियों को किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को इसकी सही मात्रा और उपयोग की विधि की जानकारी दी जाए, ताकि कम मात्रा में उर्वरक के इस्तेमाल से बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

साथ ही उन्होंने लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता के आधार पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

किसानों से संवाद कर जैविक खेती अपनाने और योजनाओं का लाभ लेने की अपील

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति में पहुंचे किसानों से सीधे संवाद किया और नैनो डीएपी व नैनो यूरिया के उपयोग को लेकर जानकारी ली। किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

कलेक्टर ने किसानों से कहा कि उर्वरकों का संतुलित उपयोग बेहतर उत्पादन का आधार बन सकता है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके लाभ अन्य किसानों तक पहुंचाने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक किसान जैविक खेती की ओर आगे बढ़ सकें।

उन्होंने किसानों को सहकारी समितियों से ही खाद एवं बीज लेने की सलाह दी, जिससे उन्हें प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध हो सके।

किसान क्रेडिट कार्ड और किसान हितैषी योजनाओं की भी ली जानकारी

कलेक्टर ने किसानों से चर्चा के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

 

Advertisement
Share This Article