सीतापुर के जजगा क्षेत्र में उड़नदस्ता टीम ने दबिश देकर आरोपी दंपति को पकड़ा
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 26.6 किलोग्राम गांजा के साथ एक दंपति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
गश्त के दौरान वाहन से बरामद हुआ गांजा
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान सीतापुर क्षेत्र के जजगा पुलिया के पास कार्रवाई की गई। इस दौरान उड़ीसा नंबर की एक टीवीएस जूपिटर वाहन की जांच की गई, जिसमें दो बोरियों में गांजा रखा हुआ मिला।
टीम ने मौके से रूपनाथ यादव और इच्छा यादव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 26.6 किलो गांजा बरामद किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई में टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्राथमिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।


