बिना लाइसेंस मौत बनकर दौड़ा रहा था ट्रेलर, भीषण हादसे के बाद आरोपी चालक पर मानव वध का मामला दर्ज

Advertisement

रायगढ़ | 21 मई 2026

मां मंगला कॉलेज मेनरोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में गई थी छोटा हाथी चालक की जान

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे रायगढ़-सारंगढ़ मुख्य मार्ग स्थित मां मंगला कॉलेज मेनरोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में सामान्य सड़क दुर्घटना की बजाय गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए मानव वध की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।

तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से मौके पर हुई थी चालक की मौत

जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG13AX-0825 और बॉक्स ट्रेलर वाहन क्रमांक OD16D-8336 के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे में छोटा हाथी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक दशरथ साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के बड़े भाई नेहरू लाल साहू निवासी ग्राम रूचिदा ने पुलिस को बताया कि दशरथ साहू पटेलपाली स्थित टाइल्स दुकान में बुकिंग कार्य करता था और रोजाना की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान चंद्रपुर की ओर से तेज गति और कथित लापरवाही से आ रहे ट्रेलर ने वाहन को टक्कर मार दी।

जांच में खुलासा—बिना वैध लाइसेंस चला रहा था भारी वाहन

पुलिस विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और वाहन स्वामी से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि ट्रेलर चालक इमरान खान निवासी नवादा, बिहार के पास भारी वाहन चलाने के लिए कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।

पुलिस द्वारा नोटिस देकर लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, जिस पर आरोपी ने लिखित रूप से स्वीकार किया कि उसके पास कोई ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है।

गंभीर लापरवाही मानते हुए मानव वध की धारा जोड़ी गई

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी बिना प्रशिक्षण और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर भारी वाहन चला रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले दर्ज धारा 106(1) बीएनएस को परिवर्तित कर धारा 105 बीएनएस (मानव वध) जोड़ी गई।

आरोपी इमरान खान को 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बॉक्स ट्रेलर वाहन को भी जप्त कर लिया गया है।

गंभीर सड़क हादसों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बिना लाइसेंस और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में दोषी पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article