खाद्य तेल और किराना सामग्री की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का धरना, महंगाई के खिलाफ बाजार में किया विरोध प्रदर्शन
रायगढ़, 18 मई। खाद्य तेल और किराना सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने रायगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। चक्रधर नगर क्षेत्र के किराना बाजारों के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की और खाद्य सामग्री की कीमतों को नियंत्रित करने की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के मार्गदर्शन में चक्रधर नगर-जूटमिल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष चौबे और मंडल अध्यक्ष लोकेश साहू के संयुक्त नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किराना बाजारों में लोगों से किया संवाद, बढ़ती कीमतों पर जताया आक्रोश
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किराना दुकानों पर मौजूद ग्राहकों से बातचीत कर बढ़ती कीमतों को लेकर उनकी राय भी जानी। इस दौरान लोगों ने खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताते हुए इसे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बताया। कई लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और आवश्यक वस्तुओं की खरीद करना भी कठिन होता जा रहा है।
“महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर डाला असर” : शाखा यादव
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक असर रोजी-मजदूरी करने वाले गरीब परिवारों, निम्न वर्ग, मध्यम वर्ग, किसानों और छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पूर्व वर्षों की तुलना में कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उनके अनुसार आटा, चावल, दूध, घी, सरसों तेल, दाल, रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि साबुनों की कीमतों में लगभग 22 प्रतिशत तथा दवाइयों की कीमतों में लगभग 32 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि खाद्य सामग्री की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस का जन आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
धरना एवं विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव, ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, दीपक मंडल, आशीष चौबे, मदन महंत, लोकेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


