खरसिया के तेलीकोट में खेत से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी – पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

Advertisement

रायगढ़, 17 मई 2026। खरसिया चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेलीकोट में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब कोटवार रामदास महंत के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। अचानक शव मिलने की खबर से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी।

दस्तावेजों से हुई पहचान, मृतक झारखंड का निवासी

मौके से मिले आधार कार्ड और पैन कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान मंगल आल्डा के रूप में हुई है, जो झारखंड राज्य का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह खरसिया क्षेत्र में रहकर मजदूरी या अन्य छोटे-मोटे कार्य करता था।

मौत को लेकर रहस्य बरकरार, हर पहलू पर जांच

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है  है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति साफ हो सकेगी।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।


 

Share This Article