छत्तीसगढ़ी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, फैंस और समर्थकों ने दी शुभकामनाएं

Advertisement
छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता, पद्मश्री सम्मानित कलाकार और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अपना 50वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता, पद्मश्री सम्मानित कलाकार और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अपना 50वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया। यह अवसर इसलिए भी यादगार बन गया क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में अपने 25 साल भी पूरे किए हैं। जन्मदिन समारोह को भव्यता से ज्यादा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित किया गया, जिसमें हजारों लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने विधायक अनुज शर्मा को जन्मदिन और उनके कला सफर की रजत जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए उनके जनसेवा कार्यों की सराहना की।

जनता के असली महानायक हैं अनुज शर्मा — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अनुज शर्मा ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि धरसींवा क्षेत्र में तेजी से हुए विकास कार्यों ने लोगों का भरोसा मजबूत किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अनुज शर्मा ने कला और राजनीति दोनों क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ का नाम आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनकी लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि लोग उन्हें केवल अभिनेता नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।

मंच से छलका अनुज शर्मा का भावुक अंदाज
अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया ने उन्हें पहचान दी, लेकिन धरसींवा की जनता ने उन्हें अपनापन दिया। कहा कि लोगों ने उन्हें कलाकार से बढ़कर बेटा और भाई का सम्मान दिया है। अनुज शर्मा ने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता नहीं, बल्कि लोगों की सेवा का माध्यम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जीवनभर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और क्षेत्र की जनता के लिए काम करते रहेंगे।

हमर हीरो नं.1 के नारों से गूंजा सभागार
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। जैसे ही अनुज शर्मा मंच पर पहुंचे, पूरा सभागार हमर हीरो नं.1 के नारों से गूंज उठा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों और गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपने पसंदीदा कलाकार और विधायक को शुभकामनाएं देने पहुंचे थे।

छात्रों और दिव्यांगजनों का सम्मान 
जन्मदिन समारोह के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

  • 63 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
  • दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक सामग्री वितरित की गई।
  • समाज के वरिष्ठजनों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का नागरिक अभिनंदन किया गया।
  • कक्षा 12वीं में प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल करने वाली छात्रा हेमलता साहू को विशेष सम्मान और नगद पुरस्कार दिया गया।

इसके अलावा उद्योग समूह सारडा एनर्जी ने हेमलता की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। वहीं क्षेत्र के लिए करीब 10 लाख रुपए की सोनोग्राफी मशीन भी समर्पित की गई।

महानायक  शॉर्ट फिल्म और सुहाग का OTT लॉन्च
इस खास मौके पर अनुज शर्मा के संघर्ष, कला यात्रा और जनसेवा पर आधारित शॉर्ट फिल्म महानायक का लॉन्च किया गया। साथ ही उनकी चर्चित फिल्म सुहाग को आधिकारिक रूप से OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों प्रस्तुतियों को उत्साह के साथ सराहा।

भाजपा में शामिल हुए सैकड़ों कार्यकर्ता
समारोह के दौरान राजनीतिक माहौल भी देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े 250 से ज्यादा कार्यकर्ताओं और करीब 60 सरपंचों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा ने सभी नए सदस्यों का पार्टी गमछा पहनाकर स्वागत किया।

कई बड़े नेता रहे मौजूद
इस आयोजन में तोखन साहू, बृजमोहन अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब, रोहित साहू, राजेश मूणत, सुनील सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि, छॉलीवुड कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article