जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तनौद में शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग की लाठी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क किनारे शराब पीने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बीती रात ग्राम तनौद-नवागांव मुख्य मार्ग के किनारे कुछ लोग बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और सड़क किनारे शराब पीने से मना किया। इस बात को लेकर वहां मौजूद उमाशंकर साहू नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर हुआ जानलेवा हमला
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोपी उमाशंकर साहू ने सत्यवान महिपाल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहन महिपाल बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उमाशंकर साहू ने लाठी से मोहन महिपाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुरू की आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उमाशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामूली विवाद के दौरान लाठी-डंडे से हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


