श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या रवाना, 850 श्रद्धालुओं ने शुरू की पावन यात्रा

Advertisement

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत

बिलासपुर। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आस्था स्पेशल ट्रेन 850 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता कश्यप, एडिशनल सीईओ जिला पंचायत सुश्री शिवानी सिंह, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान है योजना

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का सम्मान करने वाली पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच के कारण हर वर्ग के लोगों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि “श्रवण कुमार की तरह देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जनता को श्री रामलला के दर्शन करा रहे हैं।” रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का तिलक, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं, गाजे-बाजे और पारंपरिक नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया।

अयोध्या के साथ काशी विश्वनाथ के भी करेंगे दर्शन

यात्रा पर निकले श्रद्धालु अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन करने के साथ-साथ काशी विश्वनाथ मंदिर के भी दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए यात्रा, भोजन, आवास और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार

बिलासपुर के दयालबंद निवासी श्रीमती महालक्ष्मी गंगोत्री और एम सीनू तथा जीपीएम जिले की श्रीमती धन कुंवर बाई ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री रामलला के दर्शन करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है।

श्रद्धालुओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी सुव्यवस्थित और सम्मानजनक यात्रा व्यवस्था किसी सपने के सच होने जैसी है। महिलाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से उन्हें भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल पाया है।

यात्रा में सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी व्यवस्था

उल्लेखनीय है कि इस विशेष ट्रेन में बिलासपुर जिले के 225 श्रद्धालु भी शामिल हैं। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने, भोजन और मंदिर दर्शन की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मियों और चिकित्सकों की टीम भी श्रद्धालुओं के साथ मौजूद रहेगी।

Share This Article