करोड़ों रुपये के गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी दोकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने आम से भरी पिकअप वाहन में छिपाकर ले जाए जा रहे 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की जप्ती की गई है।
आम की ट्रे के नीचे छिपाकर की जा रही थी गांजा तस्करी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चौकी दोकड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक सफेद पिकअप वाहन में कच्चे आम की ट्रे के नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाकर फरार होने की कोशिश करने लगा। इसके बाद कांसाबेल और दोकड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा कर बहालजोर मुख्य मार्ग पर वाहन को घेरकर पकड़ लिया।
207 पैकेट में मिला 207 किलो गांजा
वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली में प्लास्टिक की ट्रे में कच्चे आम भरे मिले। जब पुलिस ने आम हटाए तो नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे गांजा के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा जब्त किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रेमनाथ सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम विमड़ा थाना बगीचा जिला जशपुर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा उड़ीसा के सुंदरगढ़ से लेकर आया था और इसे अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से दूसरे नेटवर्क के जरिए उत्तर प्रदेश भेजा जाना था।
1 करोड़ से ज्यादा की जप्ती
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से —
- 207 किलो गांजा
- तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन
- एक मोबाइल फोन
- 550 रुपये नगद
जब्त किए हैं। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
जनवरी से अब तक 3 करोड़ से अधिक के नशे का सामान जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में —
- 744 किलो 227 ग्राम गांजा
- 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरप
- 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर
- 14 किलो गांजा पौधा
जब्त किए जा चुके हैं। इस दौरान 27 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल 54 लाख रुपये से अधिक कीमत के वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


