लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया. उनकी उम्र सिर्फ 38 साल थी. बताया जा रहा है कि उनके विक्रमादित्य आवास स्थित घर से सुबह 6 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर देवेश चंद्रा ने बताया कि उनको यहां जब लाया गया तो उनकी मौत हो चुकी थी. प्रतीक यादव के शव को पंचनामा के बाद KGMU लाया गया जहां उनका पोस्टमॉर्टम होगा.
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उनसे जुड़े लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं. वहीं शोक में डुबे परिजनों को प्रति लोग अपनी संवेदानाएं भी जता रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी ने शोक जताया है. पार्टी की ओर से एक्स पर किए गए पोस्ट में लिखा गया कि, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया है. अपने शोक संदेश में उन्होंने लिखा कि, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
बता दें कि प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी. देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रतीक राजनीति से दूर रहते थे. उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था.
