वनांचल की बेटियों को बड़ी सौगात: विधायक भावना बोहरा ने छात्राओं के लिए शुरू की निःशुल्क बस सेवा, शिक्षा और सुरक्षा को मिला नया सहारा

Advertisement
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कुई-कूकदूर और कुंडा महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवाएँ प्रारंभ कर वनांचल क्षेत्र की बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को नई गति दी है।

कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा ने एक और संवेदनशील पहल की घोषणा की है। अगले शैक्षणिक सत्र से वनांचल क्षेत्र के कुई-कूकदूर और कुंडा महाविद्यालय की छात्राओं को निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल उन बेटियों के लिए बड़ी राहत है, जिन्हें परिवहन सुविधा के अभाव और लंबी दूरी के कारण कॉलेज पहुँचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए सुरक्षित और नियमित परिवहन सुविधा
वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली अनेक छात्राओं को प्रतिदिन महाविद्यालय पहुँचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सुरक्षा संबंधी चिंताओं और व्यवस्थित परिवहन साधनों की कमी के कारण कई छात्राएं नियमित शिक्षा से वंचित हो जाती थीं। नई बस सेवाएँ इन चुनौतियों को दूर करते हुए छात्राओं को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्रदान करेंगी।

दो नए रूट
नई निःशुल्क बस सेवाएँ दो प्रमुख मार्गों पर संचालित होंगी। ये बसें गाँव-गाँव पहुँचकर छात्राओं को घर से महाविद्यालय और वापस सुरक्षित लाएँगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।

1. कुई-कूकदूर महाविद्यालय रूट
अमनिया → नेऊर → कुशियारी → दमगढ़ → लुढ़ुटोला → उपका → अमेरा → कूकदूर → महाविद्यालय

2. कुंडा महाविद्यालय रूट
पेंड्रीकला → बसनी → घोरपेंड्री → कोलेगांव → दामापुर → खैरातुलसी → कोदवाकला → पंवरजली → दुल्लीपारा → माकरी → खैलटुकरी → कुंडा महाविद्यालय
इन रूटों के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों बेटियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

अब पंडरिया में कुल 10 निःशुल्क बस सेवाएँ
नई सेवाओं के जुड़ने से पंडरिया विधानसभा में निःशुल्क बसों की संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी। इससे पहले 8 निःशुल्क बसें कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया, पांडातराई और पिपरिया महाविद्यालय की छात्राओं को लाभ पहुँचा रही हैं। अब तक इन सेवाओं से 1000 से अधिक कॉलेज छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। यह पहल न केवल शिक्षा के अवसर बढ़ा रही है, बल्कि क्षेत्र में बेटियों की ड्रॉपआउट दर भी कम हो रही है।

शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में मज़बूत कदम
निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षित आवागमन की उपलब्धता ने अभिभावकों के मन में विश्वास पैदा किया है। नियमित बस सुविधा मिलने से बेटियाँ अब उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अधिक सक्षम और आत्मविश्वासी महसूस कर रही हैं। यह पहल शिक्षा के अधिकार को सुदृढ़ बनाते हुए बेटियों को उनके सपनों की ओर बढ़ने का अवसर दे रही है।

विधायक भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा

विधायक भावना बोहरा का संदेश
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी को दूरी, सुविधा की कमी या सुरक्षा कारणों से अपनी पढ़ाई से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा सुधारों पर लगातार सकारात्मक कार्य हो रहे हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पंडरिया विधानसभा की बेटियों को सर्वश्रेष्ठ परिवहन सुविधा प्रदान की जा रही है। विधायक ने कहा कि भावना दीदी की गारंटी के तहत निःशुल्क बस सेवा का विस्तार करने का वादा किया गया था, और आज वह वादा पूरी तरह निभाया जा रहा है।

Share This Article