RCB vs MI: आरसीबी की रोमांचक जीत के बाद रायपुर में जश्न, अंतिम गेंद तक थमी रहीं सांसें

Advertisement

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गए IPL मुकाबले में आरसीबी ने एमआई को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच खत्म होते ही स्टेडियम के बाहर आरसीबी समर्थकों का उत्साह चरम पर नजर आया. बच्चे, महिलाएं और युवा जीत का जश्न मनाते हुए झूम उठे. दर्शकों ने ईटीवी भारत से खास बातचीत में कहा कि मुकाबला काफी रोमांचक था.

आखिरी गेंद तक चला हाई वोल्टेज मुकाबला

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को भरपूर रोमांच देखने को मिला. मैच की आखिरी गेंद तक यह तय नहीं हो पा रहा था कि जीत किस टीम के खाते में जाएगी.आरसीबी और एमआई के बीच कांटे की टक्कर ने दर्शकों की सांसें थामे रखीं.

स्टेडियम के बाहर आरसीबी समर्थकों का जश्न

मैच खत्म होते ही स्टेडियम के बाहर आरसीबी समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था. बच्चे, महिलाएं और युवा जीत का जश्न मनाते हुए नजर आए. कई प्रशंसक आरसीबी और विराट कोहली के नारे लगाते दिखे. दर्शकों ने कहा कि यह मुकाबला इस सीजन के सबसे रोमांचक मैचों में से एक रहा.

दर्शकों ने कहा- अंतिम गेंद तक समझ नहीं आया कौन जीतेगा

ईटीवी भारत से खास बातचीत के दौरान दर्शकों ने कहा कि मुकाबला बेहद रोमांचक रहा.लोगों का कहना था कि एमआई ने आरसीबी को जोरदार टक्कर दी और आखिरी ओवर तक मैच पूरी तरह खुला हुआ था. दर्शकों ने कहा कि अंतिम गेंद तक समझ नहीं आ रहा था कि कौन सी टीम जीतेगी और कौन हार जाएगी.

एमआई की हार के साथ प्लेऑफ की उम्मीद खत्म

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए. जवाब में आरसीबी को जीत के लिए 167 रन का लक्ष्य मिला. आखिरी ओवर में टीम को 6 गेंदों पर 15 रन चाहिए थे. दबाव के बीच राज बावा ने 5 अतिरिक्त रन दिए, जिससे मैच पूरी तरह पलट गया. अंतिम गेंद पर रासिख सलाम ने दो रन लेकर आरसीबी को यादगार जीत दिला दी.

जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची आरसीबी

इस रोमांचक जीत के साथ आरसीबी की टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है. वहीं एमआई की इस हार के बाद प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं. रायपुर में खेले गए इस मुकाबले ने क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय तक याद रहने वाला रोमांच दिया.

Share This Article