विश्व विजेता दिव्यांशु देवांगन के स्वागत में उमड़ा शहर,बाइक रैली में दिखा अभूतपूर्व उत्साह

Advertisement

रायगढ़ ।शहर के लिए शुक्रवार का दिन गर्व,उत्साह और सम्मान से भरा ऐतिहासिक क्षण बन गया,जब जूनियर रायफल शूटिंग में विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीतने वाले होनहार खिलाड़ी दिव्यांशु देवांगन के सम्मान में भव्य स्वागत रैली निकाली गई।अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने वाले इस युवा चैंपियन के स्वागत में पूरा शहर सड़कों पर उतर आया।


शाम 5 बजे नगर के सत्तीगुड़ी चौक से प्रारंभ हुई भव्य बाइक रैली में युवाओं,खिलाड़ियों,सामाजिक संगठनों,व्यापारियों और नागरिकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।हाथों में तिरंगा,नारों की गूंज और बाइक के काफिलों के बीच शहर अपने चैंपियन के स्वागत में देशभक्ति और गौरव के रंग में रंगा नजर आया। रैली सत्तीगुड़ी चौक से प्रारंभ होकर बाल मंदिर, नटवर स्कूल,स्टेशन चौक,गांधी प्रतिमा,सुभाष चौक,गौरीशंकर मंदिर चौक, गोपी टॉकीज,शहीद चौक, हेमूकालानी चौक और चक्रधर नगर चौक से होते हुए बोईरदादर स्थित चक्रधर कला एवं संगीत महाविद्यालय पहुंची।रास्ते भर गाजे बाजे करमा नृत्य के साथ विभिन्न चौक-चौराहों पर,बुद्धजीवीयों खिलाड़ियों,युवा संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने दिव्यांशु का जोशीला स्वागत करते हुए जमकर मिठाईयां बांटी।उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया और “भारत माता की जय” तथा “दिव्यांशु तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

नगर के व्यापारिक संगठनों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर दिव्यांशु का अभिनंदन किया।लोगों में अपने शहर के बेटे की इस उपलब्धि को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।होनहार खिलाड़ी दिव्यांशु देवांगन शहर के प्रतिष्ठित चक्रधर कला एवं संगीत महाविद्यालय के संचालक देवलाल देवांगन एवं श्रीमती चंद्रा देवांगन के नाती हैं तथा केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती यामिनी देवांगन के सुपुत्र हैं।

परिवार की इस उपलब्धि पर पूरे शहर ने गर्व व्यक्त किया।चक्रधर कला एवं संगीत महाविद्यालय परिसर पहुंचकर विजय जुलूस का समापन हुआ,जहां महाविद्यालय परिवार एवं नागरिकों ने दिव्यांशु का भव्य सम्मान किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बहुआयामी प्रतिभा से लबरेज वरिष्ठ अधिवक्ता,अग्रवाल समाज के मार्गदर्शक बाबूलाल वकील ने कहा कि दिव्यांशु की यह उपलब्धि न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

TAGGED:
Share This Article