रायपुर में एनएसयूआई का सीएम हाउस घेराव, छात्र संघ चुनाव कराने की मांग, पुलिस से हुई झूमाझटकी

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर: गुरुवार को प्रदेश की राजधानी रायपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जंगी प्रदर्शन किया. छात्र संघ चुनाव की बहाली को लेकर मुख्यमंत्री के निवास घेराव का कार्यक्रम NSUI ने किया. इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने की. उनके साथ भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे.

सीएस हाउस घेराव रहा विफल

एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मोतीबाग चौक पर सीएम हाउस घेराव करने के पहले सभा का आयोजन किया. जिसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ता और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास के घेराव का कार्यक्रम शुरू हुआ. इस घेराव कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने तमाम जगहों पर सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए थे. एक बेरीकेटिंग को पार करके सैकड़ो की संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आगे जरुर बढ़े. लेकिन दूसरे बेरीकेटिंग में उन्हें रोक दिया गया. इस दौरान पुलिस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच आधे घंटे तक झुमाझटकी भी देखने को मिली.

विनोद जाखड़ ने तानाशाही का लगाया आरोप

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि “यह कैंपस के वह छात्र हैं, जो छात्र संघ का चुनाव चाहते हैं. क्योंकि उनको पता है कि प्रदेश की जो सरकार है वह तानाशाही कर रही है. नौजवानों के खिलाफ काम कर रही है. हमारे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने यह पूरा आंदोलन किया है. मैं प्रदेश के सभी एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि आप पूरी शक्ति के साथ इस तानाशाही सरकार को जवाब दीजिए. क्योंकि लॉ एड ऑर्डर के नाम पर यह सरकार फेल है. रोजगार के नाम पर सरकार फेल है. प्रदेश की सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है. लेकिन बहन बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है.

जब यहां के नौजवानों से कैंपस के अंदर बात किया तो मुझे एक चीज समझ में आई यहां पर नशे का सामान इस कदर मिल रहा है जैसे किसी चाय की दुकान पर नमकीन मिलता है. जो हमारे नौजवानों के भविष्य पर एक गंभीर सवाल है- विनोद जाखड़, अध्यक्ष, एनएसयूआई

यहां के मुख्यमंत्री और मंत्री के चहेते बड़े-बड़े यूनिवर्सिटी खोल लिए हैं. जिसे आज चमकाने में लगे हुए हैं. अच्छी फैकेल्टिया लाने में लगे हुए हैं. अच्छे प्रोजेक्टर क्लासरूम बनाने में लगे हैं, लेकिन हमारे गांव गरीब और किसान के बच्चे कहां जाकर पढ़ाई करेंगे. क्योंकि सरकार ने सरकारी संस्थाओं को खत्म करने का काम किया है. हमारी प्रमुख मांगें यही है कि प्रदेश में छात्र संघ चुनाव होना चाहिए. प्रदेश के नौजवानों में जो नशा फैल रहा है. उसके खिलाफ कोई ठोस पहल करें. पेपर लीक के मामले पर भी सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

छात्र-छात्राएं जिस तरह से बढ़ती बेरोजगारी और फीस के कारण आत्महत्याए कर रहे हैं, उस पर सरकार जल्द एक्शन ले. सरकार आंखें बंद करके सो रही है. इसलिए एनएसयूआई के कार्यकर्ता रात में उनको जगाने के लिए निकलें हैं. हम शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन हमें रोका गया है-विनोद जाखड़, अध्यक्ष, एनएसयूआई

देवेंद्र यादव का सरकार पर हमला

भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि छात्र संघ चुनाव जल्द से जल्द कराना चाहिए. पूरे स्टेट में छात्र संघ चुनाव होना चाहिए. ऐसा युवाओं की मांग है. छात्र संघ का चुनाव होने से सभी विचारधारा के बच्चे आते हैं. एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शुरुआत होती है.

छात्र संघ से ही लोग विधायक सांसद बनते हैं. युवाओं के जो मुद्दे हैं उसमें पेपर लीक के मुद्दे, विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार के मुद्दे, एकेडमिक में जो मुद्दे हैं. उनको आखिर कौन उठाएगा. यह काम भी छात्र संघ के नेता को ही करना होता है. ऐसे में छात्र संघ चुनाव कराना चाहिए- देवेंद्र यादव, विधायक, कांग्रेस

एनएसयूआई के नेताओं ने कहा कि आगे भी इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा. जब तक प्रदेश में छात्र संघ चुनाव पर फैसला नहीं होता है तब तक एनएसयूआई अपना स्टैंड लेते रहेगी. कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि आगे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जो तय करेंगे. हम उसका समर्थन करेंगे.

Advertisement
Share This Article