जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चार दोस्त कैटरिंग का काम कर संबलपुर से रायपुर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार माजदा ने मारी टक्कर, कार के उड़े परखच्चे
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम तिलाई के पास की है। मारुति कार (CG 06 GN 3133) में सवार गोपाल ठाकुर, महेश, धर्मेंद्र और प्रवीण रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार माजदा वाहन ने कार को बगल से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि माजदा वाहन भी पलट गया।
कैटरिंग कर्मी गोपाल ठाकुर की मौके पर मौत
हादसे में 40 वर्षीय गोपाल ठाकुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे कैटरिंग सर्विस से जुड़े थे और काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
तीन घायल बिलासपुर रेफर, हालत नाजुक
घटना में घायल धर्मेंद्र कुर्मी, महेश और प्रवीण को पहले जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। तीनों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद माजदा वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखा गया है, परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


