बीरमितरापुर। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीरमितरापुर के डायरेक्टर बंगला परिसर में बीरमितरापुर प्रेस क्लब द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीरमितरापुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों तथा जिम्मेदारियों पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी रहे शामिल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीरमितरापुर थाना प्रभारी रामप्रसाद नाग उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथियों में विधायक प्रतिनिधि शशी सागर, सांसद प्रतिनिधि सुनिल तिवारी, नगरपालिका उपाध्यक्ष निवेदिता बागे तथा नगरपालिका जनसंपर्क अधिकारी हेमंत कुमार तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
पत्रकारिता की स्वतंत्रता, संघर्ष और जोखिम पर चर्चा
सभा में उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों ने आधुनिक पत्रकारिता में मीडिया की भूमिका, प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों के संघर्ष और जोखिम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता की अहम भूमिका है।
बीरमितरापुर की समस्याओं और समाधान पर भी हुआ संवाद
कार्यक्रम के दौरान बीरमितरापुर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी सार्थक चर्चा की गई। स्थानीय विकास, नागरिक सुविधाओं और जनहित के मुद्दों पर मीडिया की सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया गया।
वरिष्ठ पत्रकारों ने संभाली जिम्मेदारी
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ पत्रकार बृज किशोर शुक्ला ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा ने निभाई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
